बारिश ने गर्मी व उमस से दिलायी राहत, जलजमाव ने छीन लिया सुकून

जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से शहर की सड़कें झील में हो गई तब्दील, लोगों का राह चलना हो गया मुश्किल

सहरसा:-मानसून के बाद से ही नगर निगम लाचार दिख रहा है। बारिश के कारण जहां गर्मी व उमस से लोगों को राहत मिली है, वहीं घर से बाहर निकलने पर यह राहत शहरी लोगों को भारी पड़ रही है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से शहर की सड़कें झील में तब्दील हो गयी हैं। लोगों का राह चलना मुश्किल हो गया है। नालों के ओवरफ्लो होने से पानी के साथ गंदगी भी सड़क फैल गयी है। गली-मुहल्लों में भी पानी जमा होने से लोग नगर निगम को काेस रहे हैं। ऐसा नहीं है कि यह पहली बार है, बल्कि हर वर्ष बारिश के मौसम में शहर का यही हाल होता है पर संबंधित अधिकारी व कर्मी इससे सबक नहीं लेते हैं और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है। बुधवार से लगातार हो रही मध्यम व तेज बारिश ने शहर के लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए वरदान साबित हुआ है। लगातार हो रही बारिश से सड़कें बनीं झील:-पिछले तीन दिनों की बारिश से शहर के लगभग सभी वार्डों में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी है। बच्चों से लेकर बूढ़े तक इस परेशानी से जूझने को विवश हैं। निगम की यह समस्या वर्षों पुरानी है। सभी चुनाव में इस पर अपनी रोटी सेंककर चुनाव की नैया जरूर पार लगाते हैं, लेकिन अगले पांच वर्षों तक लोगों को फिर से इसी भंवर में छोड़ जाते हैं। मानसून के प्रवेश से पहले प्रति वर्ष कागजों पर पूरी तैयारी की जाती है, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं होने से निगमवासी जल जमाव की समस्या झेलने को विवश हैं। सड़कों पर छोटे वाहनों के पलटने से लोग घरों के बदले अस्पताल अवश्य पहुंच रहे हैं।          बुधवार से झमाझम बारिश ने निगम क्षेत्र में जलजमाव की गंभीर समस्या खडी कर दी है। न्यू कॉलोनी, नया बाजार, सराही, गंगजला, विद्यापति नगर, हटियागाछी, कोसी चौक, शिवपुरी, बटराहा सहित अन्य मुहल्ले में भी जल जमाव से लोग परेशान हैं। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से दुर्गापूजा में श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। निगम नाले की नहीं है कनेक्टिविटी:-नगर निगम द्वारा शहरी क्षेत्र के कुछ थोड़े वार्डों में नाला का निर्माण पूर्व में किया गया है। बारिश को देखते हुए इन नालों की सफाई भी पूरी तरह निगम द्वारा नहीं की गयी। इस नाले के पानी के बहने का कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गयी। नाले का शुरू एवं अंतिम का छोर पूरी तरह आज भी बंद हैं जिससे जल निकासी होना कहीं से संभव नहीं है। ऐसे में इन नालों के भरोसे पानी शहर से निकाल पाना संभव नहीं है जबकि शहर के अधिकांश वार्डों में किसी प्रकार का नाला तक नहीं बना है। नाला नहीं रहने के कारण जलजमाव के हालात बन गये हैं। वहीं कुछ जगहों पर नाला तो निर्माण किया गया है लेकिन नाले का निर्माण सही नहीं रहने से जल जमाव की समस्या बनी है। सभी वार्डों में है जलजमाव की स्थिति:-शहरी क्षेत्र के लगभग सभी वार्डो में जलजमाव की स्थिति है। शहर के मुख्य सड़क से लेकर सभी वार्डों में जलजमाव पूर्व से ही होता आ रहा है। इस जल जमाव की समस्या को दूर करने के लिए पूर्व जिलाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल के अथक प्रयास से मास्टर प्लान बनाया गया, जिसके कार्य की स्वीकृति बुडको को दी गयी कार्य बडे तामझाम से लगभग सात वर्ष पूर्व शुरू किया गया। पर, पहले चरण के बाद दूसरे चरण का कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका। शहरी क्षेत्र के नया बजार, गांधी पथ, रिफ्यूजी कॉलोनी, कोशी काॅलोनी, गंगजला, गौतम नगर, पंचवटी चौक, बटराहा, अली नगर, मीर टोला, महावीर चौक, हटिया गाछी, तिवारी टोला, बस्ती सहित कई अन्य वार्डों में अत्यधिक जल जमाव होता है। थोड़ी सी बारिश में ही लोगों का घरों से निकलना कठिन हो जाता है। ऐसे में एक बार फिर से शहर के आधे से अधिक वार्ड जलजमाव की चपेट में आ गये हैं, तो कई सड़कों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गयी है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जहां सड़क की सुविधा उपलब्ध नहीं है, उस टोले-मुहल्ले के लोगों को साइकिल, मोटरसाइकिल तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
अब पायें अपने शहर के सभी सर्विस प्रवाइडर के नंबर की जानकारी एक क्लिक पर


               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

क्या आप मानते हैं कि कुछ संगठन अपने फायदे के लिए बंद आयोजित कर देश का नुकसान करते हैं?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Mytesta.com