उप चुनाव हेतु तारापुर से लोजपा (रामविलास) ने घोषित किया उम्मीदवार
चंदन सिंह होंगे प्रत्याशी , 08 अक्टूबर को करेंगे नामांकन, तेज हुई सियासी हलचल

मुंगेर(तारापुर):- विधानसभा सीट के लिए उप चुनाव का डंका बज चुका है। लोजपा (रामविलास) ने चंदन सिंह सिंह को तारापुर (164) के लिए उम्मीदवार घोषित किया है। जिलाध्यक्ष जीवन सिंह ने इस आशय की जानकारी देते हुए कहा कि श्री सिंह 08 अक्टूबर को नामांकन पत्र भरेंगे। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी और ” विजय श्री ” हासिल करेगी। गौरतलब है कि चुनाव आयोग बीते दिन तारापुर सीट पर उप चुनाव कराने के संबंध में अधिसूचना जारी किया है। इस विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे मेवालाल चौधरी का पिछले माह निधन हो गया था , जिससे यह सीट खाली हो गई। तारापुर विधानसभा सीट के लिए नामांकन की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर तय है। 11 अक्टूबर को नाम निर्देशन पत्र की समीक्षा की जाएगी और 16 अक्टूबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। तारापुर विधानसभा उप चुनाव के तहत 30 अक्टूबर को 264 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। मतों की गणना 02 नवंबर को होगी। पांच नवंबर तक निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उल्लेखनीय है कि जमुई शहर के बाबू टोला , महिसौड़ी निवासी चंदन सिंह लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के विश्वास पात्र माने जाते हैं। स्नातक डिग्री धारी श्री सिंह 2013 से पार्टी में सक्रिय रहकर विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। वर्त्तमान समय में वे जमुई जिला मीडिया प्रभारी के पद पर आसीन हैं। श्री सिंह इसके अलावे बिहार इंडस्ट्रियल कॉपरेटिव फेडरेशन बिहार – झारखंड के निदेशक पद पर भी पदस्थापित हैं। वे इसके जरिये भी समाज का उत्थान करने में जुटे हुए हैं। श्री सिंह को लोजपा (रामविलास) का उम्मीदवार बनाए जाने पर पार्टीजनों में हर्ष देखा जा रहा है।