राजकीय सम्मान के साथ होगा सुशील कुमार मोदी का अंतिम संस्कार
पटना:-बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के निधन के बाद सियासी गलियारे में शोक की लहर दौड़ गयी है। उनके निधन के बाद बिहार की सियासत के एक अध्याय का अंत हो गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेन्द्र मोदी, सीएम नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव समेत सभी वरिष्ठ नेताओं ने शोक जताया है। वहीं दिल्ली से पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का पार्थिव शरीर आज दोपहर डेढ़ बजे विशेष विमान से पटना पहुंच रहा है। उनका मृतक देह पटना एयरपोर्ट से सीधे राजेंद्र नगर स्थित निजी आवास पर लाया जाएगा। अंतिम दर्शन के बाद शव यात्रा निकाली जाएगी। शव यात्रा पहले संघ कार्यालय जाएगी। उसके बाद भाजपा कार्यालय और बिहार विधानसभा होते हुए शवयात्रा जनार्दन घाट पहुंचेगी जहां पर अंतिम संस्कार होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अस्वस्थ होने के कारण आज उनके सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए गये हैं। हालांकि वे अपने पुराने मित्र और साथी को अंतिम विदाई देने के लिए घाट जा सकते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत बिहार सरकार के कई मंत्रियों के शव यात्रा में शामिल होने की उम्मीद है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ संपन्न होगा। सुशील कुमार मोदी के निधन से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काफी मर्माहत हैं। उधर बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के निधन पर आरएसएस प्रमुख ने दुख जताया है और कहा है कि हमने जागृत सामाजिक कार्यकर्ता और कुशल राजनीतिक नेता को हमने खो दिया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री और सांसद सुशील कुमार मोदी के अचानक निधन से अत्यंत दुःख हुआ है। इस समय हम सब की भावना उनके परिवार तथा असंख्य मित्र-प्रशंसकों के साथ है। संघ के निष्ठावान स्वयंसेवक एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री रहे सुशील जी सारे देश विशेषतः बिहार की चिंता करते थे। उनके निधन से एक जागृत सामाजिक कार्यकर्ता व कुशल राजनीतिक नेता को हमने खोया है। वे सार्वजनिक जीवन में सैद्धांतिक निष्ठा व पारदर्शिता के आदर्श उदाहरण थे। उनके परिवार को अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें दुःख सहन करने की शक्ति दें तथा दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करें।इधर सुशील कुमार मोदी के निधन के बाद बिहार भारतीय जनता पार्टी ने अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए शाम 05 बजे पटना पहुंचेंगे।